कर्नाटक के चामराजनगर में सेना का ट्रेनी विमान क्रैश, दोनों पायलट सुरक्षित
नई दिल्ली। कर्नाटक के चामराजनगर में भारतीय वायुसेना का एक ट्रेनी विमान क्रैश हो गया है। बताया जा रहा है कि किरण ट्रेनर एयरक्राफ्ट मकाली गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। विमान में एक महिला पायलट समेत दो पायलट सवार थे। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद दोनों पायलट सुरक्षित हैं। भारतीय वायुसेना ने घटना को लेकर एक बयान जारी किया है। वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वायुसेना ने घटना की कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, भारतीय वायुसेना का एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट गुरुवार सुबह कर्नाटक के चामराजनगर के मकाली गांव से गुजर रहा था, तभी अचानक दुर्घटना का शिकार हो गया। इस विमान दुर्घटना की तस्वीर भी सामने आई है। इसमें देखा जा सकता है कि एयरक्राफ्ट के परखच्चे उड़ गए हैं।
भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी के मुताबिक, दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। यही वजह है कि मामले को लेकर और ज्यादा जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के भी निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही दुर्घटना के सही कारण सबके सामने आ जाएंगे। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी वजह लग रही है।
