हिमाचल में एक चरण में होगा विधानसभा चुनाव, 12 नवंबर को होगी वोटिंग, 8 दिसंबर को आएंगे नतीजे
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग के प्रमुख राजीव कुमार ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होगा। आठ दिसंबर को नतीजे आएंगे। प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं।
चीफ इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें इसके लिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा दी जाएगी। हालांकि यह सुविधा विशेष परिस्थितियों में ही मिलेगी।
चुनाव आयोग के प्रमुख राजीव कुमार ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में एक चरण में चुनाव होगा। उन्होंने बताया कि हर मतदान केंद्र ग्राउंड फ्लोर पर ही होगा। हिमाचल में इस बार कुल 55.07 लाख मतदाता वोट डाल सकेंगे। चुनाव आयोग के प्रमुख राजीव कुमार ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होगा। आठ दिसंबर को नतीजे आएंगे।
चुनाव आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल के तहत चुनाव होगा। नामांकन तक वोटर जुड़ सकेंगे। चुनाव के दौरान सीमाएं सील होंगी। फेक न्यूज और अफवाहों पर ध्यान न दें।
चुनाव आयोग ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में 55 लाख वोटर हैं। इनमें 27 लाख 80 हजार पुरुष और 27 लाख 27 हजार महिलाएं हिस्सा लेंगी। चुनाव में शामिल सेवा कर्मियों की संख्या 67 हजार 532 होगी। इसके अलावा PWD 56,001 होगी। इसके अलावा 80 साल से ज्यादा उम्र के 1.22 लाख मतदाता हैं। इसके साथ ही 1184 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 100 साल से ज्यादा है।
बता दें कि साल 2017 में हिमाचल प्रदेश में एक चरण में चुनाव हुए थे। 9 नवंबर 2017 को सभी 68 सीटों पर वोट डाले गए थे और 18 दिसंबर को वोटों की गिनती हुई थी। उस चुनाव में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिला थी। बीजेपी ने तब 44 सीटों पर कब्जा किया था जबकि कांग्रेस 21 सीटों पर ही सिमट गई थी। बाकी तीन सीटें अन्य के खाते में गई थी। हिमाचल में विधानसभा का कार्यकाल इसी साल नवंबर में खत्म हो रहा है।
