Nov 11 2025 / 7:47 PM

कतर में पूर्व 8 नेवी अफसरों को बड़ी राहत, अब नहीं होगी फांसी

नई दिल्ली। कतर में जासूस के कथित आरोप में मौत की सजा झेल रहे भारतीय नौसेना के पूर्व कर्मियों को बड़ी राहत मिली है। कतर की जेल में बंद भारतीय नौसेना के आठ पूर्व अधिकारियों को सुनाई गई मौत की सजा पर रोक लगा दी गई है। जानकारी के अनुसार कतर की अदालत ने फांसी की सजा को कारावास में बदलने का फैसला लिया है।

विदेश मंत्रालय की ओर से इस मामले में गुरुवार को जानकारी दी गई है। मंत्रालय ने लिखा- हमने दहरा ग्लोबल मामले में कतर की अपील अदालत के आज के फैसले पर गौर किया है, जिसमें सजाएं कम कर दी गई हैं, विस्तृत फैसले की प्रतीक्षा है। कतर में हमारे राजदूत और अन्य अधिकारी अपील वाली अदालत में परिवार के सदस्यों के साथ उपस्थित थे। हम मामले की शुरुआत से ही उनके साथ खड़े हैं और हम सभी कांसुलर और कानूनी सहायता देना जारी रखेंगे। हम इस मामले को कतरी अधिकारियों के साथ भी उठाना जारी रखेंगे।

भारतीय नौसेना के 8 पूर्व अधिकारियों को बीते साल अगस्त महीने में कतर में गिरफ्तार किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये अधिकारी कतर की एक निजी कंपनी अल दहरा के साथ काम कर रहे थे। इन भारतीय नागरिकों को कथित तौर पर जासूसी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। अब तक न तो कतरी अधिकारियों और न ही नई दिल्ली ने भारतीय नागरिकों के खिलाफ आरोपों को सार्वजनिक किया है।

Chhattisgarh