विधानसभा चुनाव जीतने वाले भाजपा के सांसदों ने दिया इस्तीफा
नई दिल्ली। हाल ही में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आए है। पांच राज्यों में से तीन राज्य मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल की। भाजपा ने चुनावी राज्यों में इस बार कई सांसदों को मैदान में उतारा। जिनमें अधिकांश सांसदों ने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की है।
इस बीच खबर है कि तीनों राज्यों में विधानसभा चुनाव जीतने वाले सांसदों को लेकर भाजपा ने आज बड़ा फैसला लिया है। चुनावी राज्यों में जीत हासिल करने वाले भाजपा सांसदों ने संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के 10 सांसदों ने अपना इस्तीफा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को सौंप दिया है।
इस्तीफा देने वाले सांसदों में छत्तीसगढ़ के गोमती साई, अरूण साव, मध्य प्रदेश के नरेंद्र सिंह तोमर, राकेश सिंह, प्रह्लाद पटेल, रीति पाठक और उदय प्रताप सिंह शामिल हैं। इसके अलावा राजस्थान की सांसद दीया कुमारी, राज्यवर्धन राठौड़, और किरोड़ी लाल मीणा ने भी अपना इस्तीफा दे दिया है।
पीएम मोदी, लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा चेयरमेन के साथ मीटिंग के समय बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इन सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था। वहीं राजस्थान के सांसद बाबा बालकनाथ और छत्तीसगढ़ से रेणुका सिंह ने अपना इस्तीफा नहीं सौंपा है, इसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी उनको राज्यसभा में ही रखना चाहती है। दोनों सांसदों का नाम राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की रेस में भी सामने आ रहा है।
बता दें कि मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 163 सीटें जीती, जबकि ने कांग्रेस 66 सीटें ही जीत पाई। इसके अलावा राजस्थान में भाजपा ने 115 और कांग्रेस 69 सीटें जीती। वहीं छत्तीसगढ़ में भाजपा को 54 सीटें मिली। जबकि कांग्रेस को 35 सीटों से ही संतोष करना पड़ा।
