बीजेपी की राज्यसभा उम्मीदवारों की नई लिस्ट जारी, महाराष्ट्र से अशोक चव्हाण, गुजरात से नड्डा को मिला टिकट
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राज्यसभा के लिए उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की है। इसमें कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल होने वाले अशोक चव्हाण को दूसरे ही दिन इनाम मिल गया है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा गुजरात से राज्यसभा के उम्मीदवार होंगे जबकि अशोक चव्हाण को महाराष्ट्र से राज्यसभा का टिकट मिला है।
इन बड़े नामों के अलावा बीजेपी ने महाराष्ट्र से मेधा कुलकर्णी, अजीत गोपछड़े को उम्मीदवार बनाया है। उधर गुजरात से मयंकभाई नायक, डॉ. जसवंतसिंह, गोविंदभाई ढोलकिया को भी पार्टी ने राज्यसभा के लिए नामित किया है।
बता दें कि नड्डा मौजूदा समय में हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य हैं। हालांकि, कांग्रेस शासित हिमाचल में इस बार भाजपा के पास राज्यसभा की इकलौती सीट जीतने के लिए जरूरी समर्थन नहीं है।
दूसरी तरफ गुजरात से राज्यसभा सांसद मनसुख मंडाविया, परषोत्तम रुपाला और महाराष्ट्र से नारायण राणे को फिर से राज्यसभा सीट के लिए नामित नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि इन नेताओं को भाजपा लोकसभा का टिकट दे सकती है।
बता दें कि नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 15 फरवरी है जबकि नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी को होगी। उम्मीदवार 20 फरवरी तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। यदि आवश्यक हुआ तो 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना होगी।
