उत्तराखंड: गंगोत्री हाईवे पर यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 7 लोगों की मौत, 27 घायल
नई दिल्ली। उत्तराखंड के गंगोत्री हाईवे पर रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां गंगोत्री हाईवे पर गंगनानी के पास यात्रियों को लेकर जा रही एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में 7 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 27 लोग घायल हैं।
उत्तरकाशी के उप जिलाधिकारी, भटवाड़ी पुलिस की टीम, एसडीआरएफ, एनडीआरफ, फायर सर्विस, 108 एम्बुलेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई है और बचाव कार्य जारी है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जबकि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि इस गाड़ी गुजरात के करीब 32-33 तीर्थयात्री सवार थे। अब तक 27 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय प्रशासन को तेजी से राहत-बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने जिले के प्रभारी मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल एवं अपर मुख्य सचिव से भी फोन पर बात की और घटनास्थल पर चल रहे राहत बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा की एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, मेडिकल टीमों को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों के लिए आवश्यकता पड़ने पर देहरादून में हेलिकॉप्टर को तैयार रहने के लिए कहा गया है। गंगनानी में हुई इस घटना में कुछ लोगों के हताहत होने की सूचना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
