LJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाए गए चिराग पासवान, सूर्यभान सिंह को बनाया गया कार्यकारी अध्यक्ष

नई दिल्ली। लोक जनशक्ति पार्टी में चिराग पासवान को चारों खाने चित होना पड़ा है। लोक जनशक्ति पार्टी में सियासी खिंचतान के बीच चिराग को राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से भी हटा दिया गया है। साथ ही संसदीय दल के नेता के रूप में भी उन्हें हटा दिया गया है। ऐसे में चाचा पशुपति कुमार पारस को पार्टी की कमान सौंपी जा सकती है। इसके साथ ही सूर्यभान सिंह को पार्टी का कार्यवाहक राष्ट्रीय नियुक्त किया गया है।
पारस को समर्थन करने वाले नेताओं ने लोजपा संविधान का जिक्र करते हुए चिराग को राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से हटाया है। उनका कहना है कि चिराग 3 पदों पर एक साथ नहीं रह सकते हैं। माना जा रहा है कि 20 जून तक पशुपति पारस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
इस बीच पटना में चिराग समर्थकों ने चाचा पारस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी है। चिराग पासवान ने भी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। चिराग ने भावुक ट्वीट किया, ‘पापा की बनाई इस पार्टी और अपने परिवार को साथ रखने के लिए किए मैंने प्रयास किया लेकिन असफल रहा। पार्टी मां के समान है और मां के साथ धोखा नहीं करना चाहिए। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। पार्टी में आस्था रखने वाले लोगों का मैं धन्यवाद देता हूं। एक पुराना पत्र साझा करता हूं।’