सीएम भगवंत मान ने भारतीय हॉकी टीम को गोल्ड जीतने पर दी बधाई
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारतीय हॉकी टीम के गोल्ड जीतने पर बधाई दी है। सीएम मान भगवंत ने कहा कि एशियन गेम्स में पुरुष हॉकी फाइनल में भारत ने जापान को 5-1 से हराकर गोल्ड जीता है। यह समूचे देश, खासकर पंजाब के लिए ऐतिहासिक पल है, क्योंकि कप्तान हरमनप्रीत सिंह समेत टीम में 10 खिलाड़ी पंजाब के हैं।
सीएम मान ने कहा कि पंजाब के खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों के अलग-अलग मुकाबलों में अब तक सात स्वर्ण पदक जीते हैं। इस पदक के साथ राज्य के खिलाड़ियों ने साल 1951 में नई दिल्ली और साल 1962 में जकार्ता के एशियाई खेलों में सात-सात स्वर्ण पदक जीतने की बराबरी कर ली है।
सीएम मान ने कहा कि एशियाई खेलों के 72 साल के इतिहास में राज्य के खिलाड़ियों का सबसे शानदार खेल प्रदर्शन रहा है, क्योंकि अब तक पंजाब के खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेल मुकाबलों में स्वर्ण, रजत और कांस्य मिलाकर कुल 18 पदक जीते हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि हॉकी टीम की यह ऐतिहासिक जीत देश में राष्ट्रीय खेल की पुरातन शान बहाल करने के लिए रास्ता साफ करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को सरकार की नीति के मुताबिक नकद इनाम दिए जाएंगे।
