Mar 11 2026 / 10:49 PM

कांग्रेस पार्टी इतने बड़े वैश्विक संकट में राजनीति कर रही है: पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोच्चि में आयोजित अखिल केरल धीवरा सभा के स्वर्ण जयंती सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर देश में अफवाह फैलाने और वैश्विक संकट में राजनीति करने का आरोप लगाया।

पीएम मोदी ने कहा, ये बहुत बड़ा दुर्भाग्य है कि कांग्रेस पार्टी इतने बड़े वैश्विक संकट में राजनीति कर रही है। कांग्रेस पार्टी जानबूझकर उकसाने वाले, गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रही है ताकि स्थितियां बिगड़ जाएं और हमारे लोग मिडिल ईस्ट में संकट में फंस जाएं। फिर कांग्रेस के लोग मिलकर मोदी को गालियां देने की रील बनाने का अभियान शुरू कर सकें, यही उनका खेल है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज युद्ध के इस समय में भी कांग्रेस-लेफ्ट और उसका इकोसिस्टम देश में भय पैदा करने में पूरी ताकत खपा रहे हैं। मैं देश से कहूंगा कि कांग्रेस-लेफ्ट द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों से सावधान और सतर्क रहें। पीएम ने आगे कहा, मुझे संतोष है कि गल्फ के हमारे सभी मित्र देशों की सरकारें भी हमारे देश के नागरिकों का पूरा ध्यान रख रही हैं। मैं उन सभी सरकारों का आभारी हूं। वहां हर देश में जो हमारी एंबेसीज़ हैं, हमारे मिशन हैं, वे 24×7 उनकी मदद कर रहे हैं।

पीएम मोदी बोले, पश्चिम एशिया में आज जो कुछ भी हो रहा है, उससे आप सभी का चिंतित होना बहुत स्वाभाविक है। हमारे लाखों भाई-बहन वहां काम करते हैं लेकिन आपको याद रखना है कि आज देश में बीजेपी-एनडीए की सरकार है। जब भी हमारा कोई देशवासी संकट में पड़ा है, हमने उसे सुरक्षित बचाने के लिए पूरी ताकत लगा दी है। ईराक में फंसी नर्सों को बचाने की बात हो या यमन के आतंकवादियों के चंगुल से फादर टॉम को आजाद कराने का काम, आज का भारत अपने नागरिकों को संकट में अकेला नहीं छोड़ता। आज भी हमारा प्रयास है कि युद्ध के हालत में फंसे भारतीयों को सुरक्षा मिले, हर संभव सुविधा मिले।

Chhattisgarh