पहले राम को अब बजरंगबली को ताले में बंद करने की तैयारी में कांग्रेस: पीएम मोदी
नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धुआंधार चुनावी रैली कर रहे हैं। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने आज कर्नाटक के होसपेत शहर में रैली को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर बयान दिया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने मेनिफेस्टो में बजरंगबली को ताले में बंद करने का निर्णय लिया है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज हनुमान जी की इस पवित्र भूमि पर आया हूं मेरे लिए हनुमान जी की इस पवित्र भूमि को नमन करना मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य है लेकिन दुर्भाग्य देखिए, मैं आज जब यहां हनुमान जी की पवित्र धरती को नमन करने आया हूं उसी समय कांग्रेस पार्टी ने अपने मेनिफेस्टो में बजरंगबली को ताले में बंद करने का निर्णय किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि पहले श्री राम को ताले में बंद किया और अब जय बजरंगबली बोलने वालों को ताले में बंद करने का संकल्प ले रहे है। ये देश का दुर्भाग्य है कांग्रेस पार्टी को प्रभु श्रीराम से भी तकलीफ होती थी और अब जय बजरंगबाली बोलने वालों से भी तकलीफ हो रही है।
पीएम मोदी ने कहा, हम्पी एक ऐसी जगह है जिसपर भारत ही नहीं, पूरी दुनिया को गर्व है लेकिन गुलामी की मानसिकता से भरी कांग्रेस ने कभी भी भारत के इतिहास और विरासत पर गर्व नहीं किया। इसका नुकसान हम्पी जैसे स्थानों को भी उठाना पड़ा। यह बीजेपी की ही सरकार है जो अब ‘स्वदेश दर्शन’ के जरिए हम्पी की ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण कर रही है।
पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस के दशकों के शासन ने शहरों और गांवों के बीच खाई को बहुत ज्यादा बढ़ा दिया था, बीजेपी सरकार गांव और शहर के बीच खाई को लगातार कम करने में जुटी हुई है। आज हमारे गांवों के बीच शहरों जैसी सुविधा पहुंच रही है। गांव से जुड़ी दूसरी चुनौतियों का भी बीजेपी सरकार समाधान कर रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी कर्नाटक की मान-मर्यादा और संस्कृति पर कोई आंच नहीं आने देगी। बीजेपी कर्नाटक के विकास के लिए, यहां के लोगों को आधुनिक सुविधा देने के लिए, नए अवसर देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
