Mar 14 2026 / 4:05 AM

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की 17 उम्मीदवारों की सूची

नई दिल्ली। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 17 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। कांग्रेस ने सुदीप रॉय बर्मन को भी टिकट दिया है। सुदीप रॉय बर्मन त्रिपुरा की राजधानी अगरतला से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।

बता दें कि कांग्रेस ने जिन 17 उम्मीदवारों को टिकट दिया है। उनमें सुदीप रॉय बर्मन, प्रसांता सेन चौधरी, सिस्ता मोहन दास, आशीष कुमारा साहा, गोपाल राय, केशव सरकार, राज कुमार सरकार, सुसांता चक्रवर्ती, अशोक देवबर्मा, अशोक कुमार बैध्या, टिटन पाल, प्रंजीत रॉय, रूबी गोप, दीबा चंद्रा, सत्यबन दास, बिराजीत सिन्हा और चयन भट्टाचार्यजी को टिकट दिया है।

इससे पहले त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने अपने 40 सदस्यीय स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। इस लिस्ट में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद राहुल गांधी, महासचिव प्रियांका गांधी, प्रदेश प्रभारी अजय कुमार, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल, अधीर रंजन चौधरी, मुकुल वासनिक, हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, सुदीप रॉय बर्मन, अब्दुल खालिक, सचिन पायलट, मोहम्मद अजहरुद्दीन, अरविंदर सिंह लवली, दीपा दास मुंशी, विजेंद्र सिंह, बी.वी.श्रीनिवास, नेट्टा डिसूजा समेत 22 अन्य नेताओं को शामिल किया गया है।

गौरतलब है कि बीते 18 जनवरी को भारतीय निर्वाचन आयोग ने पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की थी। तीनों राज्यों में दो चरणों में चुनाव होगा। सबसे पहले त्रिपुरा में 16 फरवरी को मतदान फिर नगालैंड और मेघालय में एक साथ 27 फरवरी को वोटिंग होगी। इसके बाद 2 मार्च को तीनों राज्यों के नतीजे आएंगे।

Chhattisgarh