देवेंद्र फडणवीस ने की इस्तीफे की पेशकश, महाराष्ट्र में हार की ली जिम्मेदारी
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने इस्तीफे की पेशकश की है। देवेंद्र ने कहा कि महाराष्ट्र में पार्टी को जो हार मिली है वो उसकी जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि ऐसा लग रहा है कि उनमें ही कोई कमी रह गई। इतना ही नहीं उन्होंने राज्य में पार्टी के हार की जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से गुजारिश की है कि उन्हें महाराष्ट्र सरकार की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया जाए।
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य में NDA को जो सेट बैक मिला है, मैं उसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं। इस हार की जिम्मेदारी मैं अपने ऊपर लेता हूं। उन्होंने आगे कहा कि मैं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से यह गुजारिश करूंगा कि मुझे सरकार की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया जाए।
देवेंद्र फडणवीस ने सरकारी की जिम्मेदारी से मुक्त होने की इच्छा जताते हुए आगे कहा कि, मुझे पार्टी संगठन की जिम्मेदारी दी जाए। भविष्य में महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। मैं सरकार के साथ रहूंगा और मार्गदर्शन करता रहूंगा। उन्होंने आगे कहा कि मैं सरकार में रहने के बजाए राज्य में पार्टी की मजबूती के लिए काम करना चाहता हूं।
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बवनकुले ने देवेंद्र फडणवीस द्वारा पद छोड़ने की इच्छा पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि देवेंद्र फडणवीस सरकार में ही रहें। सरकार में रहकर वो पार्टी संगठन को मजबूत करने का काम करें। हम चाहते हैं कि वो तीन दिन सरकार को दें और चार दिन संगठन को दें। उन्होंने आगे कहा कि, हमें उम्मीद है कि देवेंद्र हमारी इस बात को मानेंगे।
बता दें कि देश में हुए 18वीं लोकसभा चुनाव के नतीजे कल यानी 4 जून 2024 को आए। इन नतीजों के मुताबिक भाजपा को देश भर से 240 सीट मिले। आपको बता दें कि महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीटें हैं। इन 48 सीटों में से भाजपा को सिर्फ 9 सीटों पर ही जीत मिल पाई। वहीं NDA को महाराष्ट्र में 17 सीटें मिली हैं।
