पंजाब कांग्रेस में फिर कलह, नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रदेश अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा
नई दिल्ली। कांग्रेस की सियासत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से नवजोत सिंह सिद्धू ने इस्तीफा दे दिया है। नवजोत सिंह सिद्धू ने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखकर इस्तीफा दिया है।
उन्होंने ट्वीटर पर ट्वीट कर यह जानकारी साझा की है। सिद्धू ने ट्वीटर पर लिखा कि वह पंजाब के भविष्य से समझौता नहीं कर सकते हैं। समझौता करने से इंसान का चरित्र खत्म हो जाता है। साथ ही सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता के तौर पर काम करता रहूंगा।
हाल ही में पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू में आरोप-प्रत्यारोप का दौर देखने को मिला था। सिद्धू ने खुलकर अमरिंदर सिंह का विरोध किया था, जिसके बाद कैप्टन ने सीएम पद से अपना इस्ताफा राज्यपाल को सौंप दिया था।
कांग्रेस में काफी उतार-चढ़ाव के बाद चरणजीत सिंह चन्नी को राज्य का सीएम बनाया गया था। सीएम चरणजीत सिंह चन्नी सिद्धू के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं। दूसरी ओर पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह आज भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह और जेपी नड्डा से मुलाकात करने वाले हैं। सूत्रों से खबर है कि कांग्रेस के कुछ विधायक कैप्टन के सम्पर्क में भी हैं।
