दिल्ली-एनसीआर में हिली धरती, लोग घरों से बाहर निकले, 6.2 थी तीव्रता
नई दिल्ली। दिल्ली में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए जिससे अफरातफरी मच गई। दिल्ली-एनसीआर सहित यूपी के कई जिलों में भी भूकंप की सूचना है। नेपाल के पास भूकंप का केंद्र बताया जा रहा है। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी गई। नेशनल सेंटर फोर सिस्मोलॉजी के अनुसार इस तेज तीव्रता के भूकंप का केंद्र धरती के 5 किमी भीतर है।
नेपाल में आए इस भूकंप के झटके दिल्ली एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा पंजाब और राजस्थान में भी महसूस किए गए हैं। भूकंप दोपहर 2 बजकर 51 मिनट पर आया। कामकाजी दिन होने की वजह से सर्विस सेक्टर के लोग दफ्तरों में काम कर रहे थे। जैसे ही धरती कांपी की दफ्तरों और घरों में हड़कंप मच गया। भूकंप आते ही लोग सहम गए। घरों और दफ्तरों से लोग सड़कों पर निकल आए।
नेशनल सिस्मोलॉजी सेंटर के अनुसार भूकंप के झटके दो बार आए। पहला झटका दोपहर 2.25 बजे आया, जिसकी तीव्रता 4.46 थी। इसके 26 मिनट बाद दोपहर 2.51 बजे भूकंप का एक और झटका आया, जिसकी तीव्रता 6.2 थी।
