ईडी ने सीएम केजरीवाल को भेजा 8वां समन, इस दिन होना है पेश
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने अब दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पेश होने के लिए 8वां समन भेजा है। इस बार ईडी ने उनको दिल्ली स्थित मुख्यालय पर 4 मार्च को उपस्थित होने के लिए कहा है। इससे पहले 7 समन जारी होने के बावजूद सीएम केजरीवाल ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे।
इस मामले में सीएम केजरीवाल ने कहा था कि अगर अदालत आदेश देगी तो वह ईडी के सामने पेश होंगे। समन पर केजरीवाल के पेश नहीं होने को लेकर प्रवर्तन निदेशालय ने शहर की एक अदालत का रुख किया, जिस पर अदालत ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को 16 मार्च को उसके समक्ष पेश होने का निर्देश दिया है।
दरअसल दिल्ली शराबा घोटाला मामले को लेकर ईडी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से पूछताछ करना चाहती है। इस मामले में कथित घोटाले को लेकर दिल्ली के पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया भी फिलहाल जेल में हैं। समन को लेकर केजरीवाल ने कहा था कि ईडी के समन गैरकानूनी हैं और इन समन की वैधता का मामला कोर्ट में चल रहा है। लिहाजा ईडी को समन नहीं भेजने चाहिए।
