महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण ने थामा बीजेपी का दामन
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण आज बीजेपी में शामिल हो गए। अशोक चव्हाण और अमर राजूरकर ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। मंगलवार दोपहर 12.30 बजे बीजेपी के मुंबई दफ्तर में अशोक चव्हाण ने औपचारिक रूप से बीजेपी का दामन थाम लिया। इस दौरान महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे।
बता दें कि अशोक चव्हाण ने कल यानी सोमवार को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को अपना इस्तीफा भेजा था। त्याग पत्र मे कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे की बात कही। कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद अशोक चव्हाण ने कहा कि मैंने 85- भोकर विधानसभा क्षेत्र से विधान सभा सदस्य के रूप में अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को सौंप दिया है।
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण ने बीजेपी में शामिल होने से पहले कहा था कि आज करीब 12-12:30 बजे मैं अपने राजनीतिक करियर की एक नई यात्रा शुरू करने जा रहा हूं। मैं बीजेपी में शामिल होने जा रहा हूं। चव्हाण ने आगे कहा कि आज यह मेरे राजनीतिक करियर की नई शुरुआत है। मैं आज बीजेपी कार्यालय में औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल हो रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि हम महाराष्ट्र के रचनात्मक विकास के लिए काम करेंगे।
चव्हाण के बीजेपी में शामिल होने पर देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि उनके पार्टी में शामिल होने से हमारी शक्ति बढ़ी है। अशोक चव्हाण की तरफ एक प्रमुख नेतृत्व के तौर पर हम देख सकते हैं। आज अशोक पार्टी में शामिल हुए हैं। जल्द ही हजारों हजारो कार्यकर्ताओं और नेताओ का पार्टी में प्रवेश कराने का कार्यक्रम करेंगे।
