Nov 15 2026 / 5:20 AM

पाकिस्तान को हराकर भारत बना अंडर-19 एशिया कप चैंपियन

नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान को हराकर अंडर-19 एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया है। फाइनल मैच में आखिरी गेंद तक रोमांच बरकरार रहा। पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 337 रन बनाए। भारत ने 50 ओवर में 339 रन बनाए और एक विकेट से मैच जीता।

भारत की इस जीत के हीरो मोह‍ित उल्वा और मनल चौहान रहे जिन्होंने नौवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 57 रनों की पार्टनरशिप की। इस साझेदारी की बदौलत पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए उन्होंने लगभग हारा हुआ मैच टीम इंडिया को जिता दिया।

338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 252 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे और अभी भी जीत के लिए 86 रन की आवश्यकता थी जबकि सिर्फ 51 गेंद बची थीं और 2 विकेट हाथ में थे। ऐसे में मनल और मोहित ने मिलकर वो कर दिखाया जिसकी हर भारतीय को चाह थी।

मनल चौहान ने 32 गेंद में 47 रन बनाए जबकि मोहित अंत का क्रीज पर डटे रहे और टीम को जिताकर वापस लौटे। मैच की अंतिम गेंद पर भारत को जीत के लिए 3 रन चाहिए थे, मोहित ने चौका लगाकर भारत को जिता दिया। मनल के आउट होने के बाद मोहित ने वेंकटा के साथ मिलकर आखिरी ओवर में भारत को रोमांचक जीत दिला दी।

मोहित ने 26 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। भारत की शुरुआत तो अच्छी रही थी मगर मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज जल्दी आउट हो गए। भारत के कप्तान लक्ष्य ने 101 गेंदों का सामना करते हुए 80 रनों की पारी खेली। जबकि आर्यवीर सहवाग ने 61 गेंदों पर 58 रन बनाए। अन्वय द्रविड़ 12 गेंद में 19 रन बनाकर रन आउट हुए।

पाकिस्तान टीम की तरफ से उनके ओपनर उस्मान खान ने शतक जमाया। उस्मान ने 111 गेंदों में 3 छक्के और 11 चौकों की मदद से 107 रन बनाए। वहीं अब्दुल कादिर ने भी शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 54 गेंदों में 80 रन बनाए।

कादिर ने अपनी पारी में 8 छक्के और 3 चौके लगाए। पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसुफ ने 60 गेंदों में 63 रन बनाए। भारत के तरफ से गेंदबाज परेश पटेल ने सबसे ज्यादा विकेट 4 विकेट चटकाए। वहीं विजय सुभाष ने 3 विकेट हासिल किए।

Chhattisgarh