भारत अपनी एकता, संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए सदैव तैयार है: राजनाथ सिंह
नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना ने इतिहास रच दिया है। गुरुवार को राजस्थान के जालौर में बाड़मेर हाइवे पर स्पेशल एयरस्ट्रिप की शुरुआत की गई। बता दें कि ये पहला राष्ट्रीय राजमार्ग है जहां पर इस तरह का इमरजेंसी लैंडिंग स्ट्रिप बनाकर तैयार हुआ है। वहीं अब भारत पाकिस्तान की कायराना हरकत पर पैनी नजर रख पाएगा और दुश्मनों के छक्के छुकाना भी आसान होगा।
बता दें कि पाक से सटी सीमा पर सुखोई और जगुआर जैसे वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने यहां पर अपना दम दिखाया और हाइवे पर लैंडिंग की। इसकी शुरुआत केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, एयर चीफ मार्शल आरके.एस. भदौरिया और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत की मौजदूगी में की गई।
इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर से कुछ ही कदम दूर इस प्रकार की इमर्जेंसी लैंडिंग फील्ड का तैयार होना सिद्ध करता है कि भारत अपनी एकता, संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए सदैव तैयार है। भारत के अंदर किसी भी चुनौती का सामना करने की क्षमता है।
वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने कहा कि, हमलोग प्रतिदिन 2 किलोमीटर सड़क बनाने तक आए थे। कोरोना के बावजूद भी हमने प्रतिदिन 38 किलोमीटर सड़क बनाया है जो दुनिया में सबसे ज़्यादा है। मुंबई और दिल्ली के बीच हमलोग एक्सप्रेस हाईवे बना रहे हैं जिसका 60-65% काम पूरा हुआ है।
