जून 2024 तक बीजेपी के अध्यक्ष रहेंगे जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह ने की घोषणा
नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यकाल को एक साल के लिए विस्तारित कर दिया गया है। अब आगामी 2024 का लोकसभा चुनाव भी नड्डा की अगुवाई में ही लड़ा जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी कार्यकारिणी की बैठक में नड्डा के कार्यकाल को विस्तारित करने के फैसले पर मुहर लगाई है। नड्डा के कार्यकाल को जून 2024 तक बढ़ा दिया गया है।
गृह मंत्री अमित शाह के अनुसार पार्टी बैठक में राजनाथ सिंह ने अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्य विस्तार करने का प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव को बीजेपी कार्यकारिणी द्वारा स्वीकार कर लिया गया है। गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि संविधान के हिसाब से संगठन का चुनाव होता है, ये वर्ष सदस्यता का है, कोरोना के कारण समय पर सदस्यता का काम नहीं हो पाया था। इसलिए कार्य विस्तार किया गया है। राजनाथ सिंह के इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से समर्थन मिला। अब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 तक रहेगा।
पार्टी नेतृत्व ने कहा कि नड्डा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए बिहार में पार्टी का सबसे अधिक स्ट्राइक रेट रहा है। महाराष्ट्र में भी NDA ने बहुमत हासिल किया है और यूपी में भी जीत हासिल की है। इसके अलावा बंगाल में हमारी संख्या बढ़ी। गुजरात में हमने प्रचंड विजय हासिल की है और उत्तर पूर्व में भी काम चल रहा है। गृह मंत्री अमित शाह ने जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जेपी नड्डा के साथ साल 2024 के लोकसभा चुनाव और भी अच्छा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि साल 2019 से ज्यादा सीटें जीती जाएंगी।
गौरतलब है कि जेपी नड्डा ने अमित शाह से ही पार्टी की कमान अपने हाथों में ली थी। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को प्रचंड बहुमत मिली थी। उस समय अमित शाह को केंद्र की राजनीति में लाया गया था और उन्हें गृह मंत्री का पद दिया गया था। वहीं जेपी नड्डा को पार्टी अध्यक्ष बनाने का फैसला लिया गया था। अब उनके इस नेतृत्व को बढ़ाए जाने का निर्णय लिया गया है। बता दें, इसी महीने के अंत में जेपी नड्डा का कार्यकाल खत्म होने जा रहा था। लेकिन अब वह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर जून 2024 तक बने रहेंगे।
