Mar 16 2026 / 2:57 PM

कैलाश विजयवर्गीय ने बीजेपी महासचिव पद से दिया इस्तीफा

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश की मोहन सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया है। कैलाश विजयवर्गीय ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा है। बताया जा रहा है कि पार्टी के एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत का पालन करते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने यह फैसला लिया है।

बता दें कि कैलाश विजयवर्गीय बीजेपी के दिग्गज नेता हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव विजयवर्गीय विधानसभा सीट इंदौर-1 से प्रत्याशी थे और उन्होंने पूरी दमदारी से इस बार चुनाव लड़ा। विजयवर्गीय ने अपने सामने वाले प्रत्याशी कांग्रेस के संजय शुक्ला को लगभग 57000 वोटो से मात दी।

कैलाश विजयवर्गीय न केवल अपनी सीट निकालने में सफल हुए बल्कि उन्होंने इंदौर की कुल 9 विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को विजयी बनाया। कैलाश विजयवर्गीय की दमदारी को देखते हुए उनको मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में सोमवार को मोहन यादव सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। इस दौरान 28 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इन 28 लोगों में 18 कैबिनेट और 10 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली है। मंत्री बनने वाले लोगों में कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद सिंह पटेल और राकेश सिंह जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

मंत्रिमंडल विस्तार पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इस टीम में टेस्ट मैच के साथ-साथ टी20 खिलाड़ी भी हैं और इसलिए यह काफी संतुलित टीम है।

Chhattisgarh