Nov 10 2025 / 4:11 PM

लद्दाख: भूस्खलन की चपेट में आने से सेना के 6 जवानों की मौत

नई दिल्ली। लद्दाख में भूस्खलन के कारण सेना की 3 गाड़ियां सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिसमें सवार 6 जवानों की मौत हो गई है। हादसे के संबंध में अधिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जानकारी के अनुसार इस इलाके में भूस्खलन की घटनाएं होती रहती हैं।

इससे पहले अगस्त में उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भैरव घाटी और नेलांग के बीच भूस्खलन की चपेट में आने से एक जवान की मौत हो गई थी। इसी पेट्रोलिंग टीम में शामिल एक डॉक्टर घायल हो गया था। इनके अलावा कुछ अन्य जवानों को रेस्क्यू किया गया था।

वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के उत्तरकाशी एवलांच हादसे को लेकर जारी रेस्कयू ऑपरेशन के 75 घंटे हो चुके हैं। इस ऑपरेशन के दौरान अभी तक 19 लोगों के शव बरामद किए है। वहीं अन्य लोगों की खोज अभी भी जारी है। हादसे के बाद से लगातार राहत और बचाव कार्य जारी है। जानकारी के मुताबिक बीच-बीच में मौसम खराब होने के वजह से रेस्कयू ऑपरेशन रोकना पड़ रहा है।

उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया कि उत्तरकाशी हिमस्खलन घटना के बाद अब तक कुल 19 शव बरामद किए गए हैं। साथ ही शुक्रवार को हेलीकाप्टर से इन शवों को मताली हेलीपैड तक लाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेस्कयू के लिए मौके पर 30 बचाव दल तैनात हैं।

गौरतलब है कि गुरुवार से उत्तरकाशी एवलांच हादसे में हाई एल्टिट्यूड वॉर फेयर स्कूल, गुलमर्ग की टीम भी लग चुकी है। ये गुलमर्ग और सियाचिन जैसे हाई एल्टिट्यूड पर युद्ध करने में अभ्यस्त होते हैं। यह टीम सेना को ग्लेशियर में अपना बचाव करने की ट्रेनिंग देती है। ये टीम भी हिमस्खलन में फंसे हुए लोगों का लगातार रेस्कयू कर रही हैं।

Chhattisgarh