Nov 12 2025 / 3:23 AM

शहीद दिवस रैली में ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, कहा- मरने पर कितनी GST लगेगी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस ने शहीद दिवस रैली का आयोजन किया। इसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। रैली के दौरान बारिश हो गई, लेकिन लोग ममता और अभिषेक को सुनते रहे। कोरोना वायरस महामारी के कारण दो साल के बाद यह वार्षिक रैली निकाली गई।

इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज इतनी बारिश हुई है, सड़कों पर पानी भरा लेकिन आप यहां से नहीं हिले। 21 जुलाई को बारिश होती ये ईश्वर, अल्लाह की मेहरबानी है। भाजपा और सीपीआई (एम) बारिश देखकर हंस रही थी।

बनर्जी ने कहा कि लाखों नौकरियां खत्म हो गई है और अब नई स्कीम आई है ‘अग्निपथ’ मैं कहती हूं कि आर्मी का कोई विकल्प नहीं होता है, आर्मी तो आर्मी होती है।

ममता ने आगे कहा कि भाजपा हर जगह सरकार तोड़ रही है, भाजपा का यही काम है। बंगाल में उन्होंने हमें हराने की कोशिश लेकिन हरा नहीं सकी। 2021 में जनता ने उन्हें दिखा दिया। अब तो मूढ़ी पर GST लग गई है तो क्या भाजपा के लोग अब मूढ़ी नहीं खाएंगे। मिठाई, लस्सी, दही पर GST लगी है। लोग क्या खाएंगे? मरीज के अस्पताल में भर्ती होने पर भी GST ये बताएं कि मरने पर कितनी GST लगेगी।

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि 21 जुलाई को हर बार बारिश होती है। ये बारिश हमारे लिए शुभ है। जब भी बारिश हुई है विरोधी धराशाही हुए हैं। अभिषेक ने आगे कहा कि जीत के लक्ष्य के साथ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आगे बढ़ रहे हैं।

Chhattisgarh