Mar 14 2026 / 2:34 PM

मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने नागरिकों और बच्‍चों के साथ किया योग

इंदौर। देशभर के साथ ही मध्‍य प्रदेश में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इंदौर जिले में भी दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय, विकासखंड और पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम बड़ा गणपति स्थित शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। इसमें शामिल होने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पहुंचे। मंत्री विजयवर्गीय और सांसद शंकर लालवानी ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्‍य नागरिकों और बच्‍चों के साथ योग किया। उनकी मौजूदगी में यहां योग दिवस मनाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री विजयवर्गीय ने सभी को योग दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा आज का दिन तीन विशेष दिवसों के लिए महत्व रखता है। पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, दूसरा श्री अन्न दिवस और तीसरा वर्ल्ड विजिट डे। इसमें से दो दिवस हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की सौगात है, जिसे आज पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा योग शरीर के साथ मन को स्वस्थ रखता है। आज दुनिया योग के महत्व को जानकर उसे अपना रही है। उन्होंने श्री अन्न के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा जिस प्रकार योग मन और शरीर को स्वस्थ और प्रसन्न रखता है, उसी प्रकार श्री अन्न शरीर को स्वस्थ रखता है। श्री अन्न बेहतर स्वास्थ्य के साथ-साथ पोषण देने वाला आहार होता है।

श्री विजयवर्गीय ने कहा इन्दौर में 51 लाख पौधे लगाने का संकल्प लेकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से आह्वान किया कि इन्दौर में हरित क्रांति हेतु सभी आगे आएं तथा पौधारोपण और उसके संरक्षण के लिए विशेष प्रयास करें और आने वाली पीढ़ी को वृक्ष के रूप में सौगात दे। उन्होंने 7 से 14 जुलाई तक आयोजित होने वाले पौधारोपण अभियान में सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से नशा मुक्त जीवन जीने का आह्वान किया। उन्होंने योग संबंधित रंगोली, चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सभी ने सामूहिक योग किया। भारतीय कला मंडल उज्जैन के कलाकारों द्वारा पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, केन्द्रीय संचार ब्यूरो सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार इन्दौर के श्री दिलीप परमार सहित शिक्षकगण, स्कूली बच्चे आदि उपस्थित थे।

Chhattisgarh