Nov 10 2025 / 2:27 PM

अदाणी को पछाड़कर मुकेश अंबानी बने देश के सबसे रईस शख्स

नई दिल्ली। उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी एक बार फिर सबसे अमीर भारतीय बन गए हैं। 360 वन वेल्थ हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2023 द्वारा जारी संयुक्त सूची में मुकेश अंबानी ने अपने उद्योगपति प्रतिद्वंद्वी गौतम अडानी को पछाड़ते हुए यह स्थान हासिल किया है।

दरअसल, 360 वन वेल्थ हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2023 की रिपोर्ट में भारत के अरबपतियों की सूची भी जारी की गई है। इस सूची में 278 नए लोगों को शामिल किया गया है, जिनकी कुल संपत्ति 7,28,200 करोड़ रुपये है। लिस्ट में औद्योगिक उत्पादों से जुड़े 33 लोगों जबकि धातु और खनन क्षेत्र से जुड़े 29 लोगों को पहली बार जगह मिली है। इस अवधि में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति रखने वाले व्यक्तियों की संख्या में 219 लोगों यानी 76% की वृद्धि दर्ज की गई। इससे इस तरह की संपत्ति वाले व्यक्तियों की कुल संख्या 1,319 हो गई।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और एमडी मुकेश अंबानी 8,08,700 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के साथ अदाणी समूह के मुखिया गौतम अदाणी को पीछे छोड़ते हुए इस साल की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। इसके अलावे, कुमार मंगलम बिड़ला और नीरज बजाज की भारत के टॉप 10 अमीरों की लिस्ट में वापसी हो गई है। उन्होंने विनोद अदाणी और उदय कोटक को पछाड़कर सूची में वापसी की है।

सेल्फ मेड उद्यमियों की संख्या इस बार की सूची की प्रमुख खासियत रही। राधा वेम्बू ने फाल्गुनी नायर को पीछे छोड़ते हुए सबसे अमीर भारतीय महिला की सूची में अपना स्थान बनाया है। इसके अलावा 90 के दशक में पैदा हुए 12 भारतीयों का इस सूची में नाम शामिल किया गया। सूची में बंगलूरू के रहने वाले किराना डिलिवरी एप जेप्टो के सह-संस्थापक केवल्य वोहरा का नाम सबसे युवा उद्यमी के रूप में शामिल है। उनकी उम्र महज 20 साल है।

Chhattisgarh