Mar 11 2026 / 7:17 AM

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी के काफिले पर नक्सली हमला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज नक्सलियों ने कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी के काफिले पर हमला कर दिया। विक्रम मंडावी गंगालूर हाट बाजार में नुक्कड़ सभा कर बीजापुर लौट रहे थे और पैडेड गांव के पास नक्सलियों ने उनके काफिले पर हमला कर दिया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी. ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, विधायक विक्रम मंडावी और जिला पंचायत सदस्य पार्वती कश्यप मंगलवार को गंगालूर में थे। लौटते वक्त पदेड़ा गांव के पास नक्सलियों ने चलते वाहन पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि जिस वाहन में जिला पंचायत सदस्य पार्वती कश्यप बैठीं थीं, उस वाहन पर गोलियां लगी हैं। वे बाल-बाल बचीं।

इससे पहले मंगलवार सुबह नैमेड थाना क्षेत्र के कचलावारी में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक नक्सली पुलिस की गोली से मारा गया। जबकि एक घायल हुआ। घायल नक्सली समेत दो को मौके से पकड़ा गया है। यह मुठभेड़ उस वक्त हुई, जब पुलिस टीम गश्त पर निकली थी।

Chhattisgarh