देशभर में कोरोना के 1805 नए केस, 6 लोगों की मौत
नई दिल्ली। भारत मे कोरोना का उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए नए कोरोना रिपोर्ट के मुताबिक देश मे पिछले 24 घंटों के दौरान 1805 नए एक्टिव केस सामने आए। इस दौरान कोरोना संक्रमण की वजह से 6 लोगों की मौत की खबर है। बीते 24 घंटे में चंडीगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से 1-1, जबकि केरल में दो मौतें हुई है।
इससे पहले पिछले दिन रविवार को देश में कोरोना के 1890 नए मामले आए थे, जबकि इस दौरान 7 लोगों की मौत हुई थी। यानी कल के मुकाबले आज देश में कोरोना के 85 कम नए केस सामने आए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आज सुबह जारी आंकड़े के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 1805 नए केस सामने आए। वहीं इस दौरान कोरोना वायरस के संक्रमण को 932 लोग मात देने में कामयाब रहे, यानी स्वस्थ्य हुए। इसके साथ ही देश में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 10,300 हो गई है।
इस तरह पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस की संख्या में 867 की तेजी दर्ज की गई है। इस तरह से 134 दिन बाद यह पहला मौका है जब देश में कोरना के एक्टिव मरीजों की संख्या 10,000 के पार पहुंची है।
इसके साथ ही देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 47 लाख 05 हजार 952 हो गई है। जबकि ठीक होने वाले लोगों का आंकड़ा बढ़कर 4 करोड़ 41 लाख 64 हजार 815 हो गया है। वहीं देश में अब तक कुल 5 लाख 30 हजार 831 लोग कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से दम तोड़ चुके हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, डेली पॉजिटिव रेट इस समय 1.56 फीसदी तो वीकली पॉजिटिव रेट 1.29 प्रतिशत है। कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। देश में अब रिकवरी रेट बढ़कर 98.79 फीसदी पहुंच गया है। जबकि मृत्यु दर 1.19 फीसदी पर बरकरार है।
वहीं सक्रिय मामलों में कुल संक्रमणों का 0.02 प्रतिशत शामिल है। मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक करीब कोविड-19 रोधी टीकों की 220.65 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।
