Mar 14 2026 / 9:30 PM

देशभर में कोरोना के 7,633 नए केस, 11 लोगों की मौत

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का खतरा अभी टला नहीं है। कुछ समय की राहत के बाद एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में तेजी से उछाल देखने को मिल रहा है। ये उछाल डराने वाला है क्योंकि एक दो नहीं बल्कि देश के कई राज्यों में कोराना वायरस के केस बढ़ रहे हैं। कोविड के अलग-अलग वैरिएंट मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। ओमिक्रॉन का XBB.1.16 वैरिएंट की दहशत बढ़ने लगी है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए नए कोरोना रिपोर्ट के मुताबिक देश मे पिछले 24 घंटों के दौरान 7,633 नए एक्टिव केस सामने आए। इस दौरान कोरोना संक्रमण की वजह से 11 लोगों की मौत की खबर है। दिल्ली में चार और हरियाणा, कर्नाटक तथा पंजाब में एक-एक मरीज की मौत के बाद देश में कोरोना वायरस से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,31,152 हो गई। वहीं कोरोना से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से दम तोड़ने वाले मरीजों की सूची में चार नाम और जोड़े हैं।

आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी 61 हजार, 233 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.14 प्रतिशत हैं। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.68 प्रतिशत है। अभी तक कुल 4 करोड़, 42 लाख, 42 हजार, 474 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220 करोड़, 66 लाख, 27 हजार, 271 खुराक लगाई जा चुकी हैं। गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी।

संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। चार मई 2021 को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। पिछले साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार चले गए थे।

Chhattisgarh