Mar 14 2026 / 11:02 PM

देशभर में कोरोना के 12,591 नए केस, 40 लोगों की मौत

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का खतरा अभी टला नहीं है। कुछ समय की राहत के बाद एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में तेजी से उछाल देखने को मिल रहा है। ये उछाल डराने वाला है क्योंकि एक दो नहीं बल्कि देश के कई राज्यों में कोराना वायरस के केस बढ़ रहे हैं। कोविड के अलग-अलग वैरिएंट मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। ओमिक्रॉन का XBB.1.16 वैरिएंट की दहशत बढ़ने लगी है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए नए कोरोना रिपोर्ट के मुताबिक देश मे पिछले 24 घंटों के दौरान 12,591 नए एक्टिव केस सामने आए। इस दौरान कोरोना संक्रमण की वजह से 40 लोगों की मौत की खबर है। वहीं मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 5,31,230 पहुंच चुकी है। इनमें 11 ऐसे लोग शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से दम तोड़ने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं।

बुधवार को बीते 24 घंटों में में देशभर में 10542 नए मामले सामने आए थे। इस दौरान देश में 38 मौतें हुई थीं। इसमें केरल ने 11 मौतों को शामिल किया गया था।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में बढ़ती कोरोना की रफ्तार के कारण दैनिक संक्रमण दर 4.39% पहुंच गई है। वहीं साप्ताहिक संक्रमण दर में भी वृद्धि दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक, साप्ताहिक दर 5.1 प्रतिशत पहुंच गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में अब तक कोरोना की मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत के करीब है। वहीं देश में अब तक 220.66 लोगों को कोरोना की खुराक दी जा चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, केरल, दिल्ली और महाराष्ट्र देश के सबसे ज्यादा संक्रमण वाले राज्यों में से एक हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220,66,28,332 खुराक लगाई जा चुकी हैं।

Chhattisgarh