देशभर में कोरोना के 11,683 नए केस, 28 लोगों की मौत
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का खतरा अभी टला नहीं है। कुछ समय की राहत के बाद एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में तेजी से उछाल देखने को मिल रहा है। ये उछाल डराने वाला है क्योंकि एक दो नहीं बल्कि देश के कई राज्यों में कोराना वायरस के केस बढ़ रहे हैं। कोविड के अलग-अलग वैरिएंट मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। ओमिक्रॉन का XBB.1.16 वैरिएंट की दहशत बढ़ने लगी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए नए कोरोना रिपोर्ट के मुताबिक देश मे पिछले 24 घंटों के दौरान 11,683 नए एक्टिव केस सामने आए। इस दौरान कोरोना संक्रमण की वजह से 28 लोगों की मौत की खबर है। वहीं कोरोना वायरस संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,31,258 पहुंच चुकी है। इनमें से 9 वे लोग शामिल हैं जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से दम तोड़ने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं।
देश में कुल 66,170 संक्रमित मरीजों का इलाज जारी है। ऐसे में यह कुल मामलों का 0.15 प्रतिशत है। भारत में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.67 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,42,72,256 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध डेटा के मुताबिक टीकाकरण अभियान के तहत अबतक 2,20,66,31,979 खुराक आवंटित किए जा चुके हैं। बता दें कि इससे पहले गुरुवार के दिन कोरोना के कुल 12,591 नए मामलों की पुष्टि की गई थी। बता दें कि 8 महीने बाद कोरोना संक्रमण के इतने दैनिक मामलों की पुष्टि की गई थी।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा साझा की गई जानकारियों के मुताबिक राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अबतक 220,66,28,332 वैक्सीन की खुराक लगाई जा चुकी हैं। गौरतलब है कि भारत में 7 अगस्त 2020 को कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 20 लाख पहुंच चुकी ती। 23 अगस्त को 30 लाख, 5 सितंबर को 40 लाख, 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर तक 60 लाख, 11 अक्टूबर तक 70 लाख, 29 अक्टूबर तक 80 लाख, 20 नवंबर तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 90 लाख को पार कर गई थी।
