फॉर्च्यून इंडिया की ‘मोस्ट पावरफुल वूमेन 2026’ सूची में नीता एम. अंबानी प्रथम स्थान पर
मुंबई। रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्रीमती नीता एम. अंबानी को उनकी दूरदर्शी सोच, प्रभावशाली नेतृत्व और संस्थान निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता के लिए फॉर्च्यून इंडिया की ‘मोस्ट पावरफुल वूमेन (MPW) 2026’ सूची में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। रिलायंस फाउंडेशन के माध्यम से उनके नेतृत्व में अब तक 10 करोड़ (100 मिलियन) से अधिक लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है, जिनमें 2.9 करोड़ (29 मिलियन) बच्चे भी शामिल हैं।
फॉर्च्यून इंडिया ने शुक्रवार को मुंबई स्थित फोर सीजन्स होटल में अपने प्रमुख वार्षिक कार्यक्रम ‘मोस्ट पावरफुल वूमेन 2026’ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में उद्योग, वित्त, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, सार्वजनिक नीति और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों की देश की अग्रणी महिला नेताओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर फॉर्च्यून इंडिया मोस्ट पावरफुल वूमेन 2026 की सूची जारी की गई, जिसमें उन 100 महिलाओं को सम्मानित किया गया जिनका नेतृत्व भारत की अर्थव्यवस्था और कारोबारी परिदृश्य को नई दिशा दे रहा है।
कार्यक्रम के दौरान नेतृत्व के भविष्य, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), वित्तीय सशक्तिकरण, उद्यमिता, समावेशिता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर कई महत्वपूर्ण परिचर्चाएं आयोजित की गईं।
अपने संबोधन में इस वर्ष की शीर्ष रैंक प्राप्त नीता अंबानी ने कहा कि नेतृत्व की परिभाषा केवल उपलब्धियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसमें करुणा, समावेशिता और अवसर सृजन भी शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बालिकाओं में निवेश करना भारत के उज्ज्वल भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
कार्यक्रम में मौजूद उद्योग जगत के नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, भू-राजनीतिक बदलाव और तेज़ी से विकसित होती तकनीक उद्योगों को बदल रही है, लेकिन प्रभावी नेतृत्व के लिए जिज्ञासा, लचीलापन, ग्राहक-केंद्रित सोच और मानवीय निर्णय क्षमता हमेशा महत्वपूर्ण बने रहेंगे।
महिला वित्तीय सशक्तिकरण पर हुई चर्चा में वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण का अगला चरण केवल वित्तीय सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें संपत्ति निर्माण और वित्तीय निर्णय लेने में सक्रिय भागीदारी के लिए सक्षम बनाना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम में समावेशी कार्यस्थलों के निर्माण, मजबूत उपभोक्ता ब्रांड विकसित करने तथा ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने में पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं की भूमिका पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
फॉर्च्यून इंडिया का ‘मोस्ट पावरफुल वूमेन’ मंच देश के सबसे प्रभावशाली नेतृत्व मंचों में से एक माना जाता है। वर्ष 2026 का यह आयोजन एक बार फिर इस प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है कि फॉर्च्यून इंडिया उन महिलाओं का सम्मान करता रहेगा जो व्यवसाय और समाज में सार्थक परिवर्तन की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।
