Mar 15 2026 / 4:32 PM

अविश्वास प्रस्ताव पर 8 से होगी संसद में चर्चा, 10 अगस्त को पीएम मोदी देंगे जवाब

नई दिल्ली। मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर 8,9 और 10 अगस्त को लोकसभा में चर्चा होगी। यह जानकारी सूत्रों से मिली है। जानकारी के मुताबिक अविश्वास प्रस्ताव पर पीएम मोदी 10 अगस्त को जवाब देंगे। यह फैसला लोकसभा की कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक में लिया गया। इसका विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने बहिष्कार किया। इन विपक्षी दलों की मांग है कि अविश्वास प्रस्ताव पर तत्काल चर्चा शुरू हो।

विपक्ष की ओर से कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था जिस पर पार्टियों का कहना है कि उन्हें पता है कि उनके पास बहुमत नहीं है कि वे मोदी सरकार को विश्वास प्रस्ताव में हरा सकें लेकिन, मणिपुर हिंसा पर पीएम मोदी के जवाब के लिए यही आखिरी चारा है।

बता दें की मानसून सत्र शुरू होने के समय से ही विपक्ष पार्टियां ये मांग कर रही है कि मणिपुर हिंसा पर सदन में चर्चा हो और पीएम मोदी खुद आकर जवाब दें। इस पर सत्ता पक्ष का कहना है कि वह मणिपुर के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। हालांकि, पीएम मोदी ने अभी तक संसद में कोई टिप्पणी नहीं की है और ना ही मणिपुर मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार हैं। लेकिन, अब अविश्वास प्रस्ताव के चलते 10 अगस्त को उन्हें संसद में जवाब देना होगा।

क्या है अविश्वास प्रस्ताव

लोकसभा में अगर किसी विपक्ष दल को लगता है कि उसकी सरकार के पास बहुमत नहीं है या सरकार सदन में विश्वास खो चुकी है, तो वह अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है। संविधान के अनुच्छेद-75 के अनुसार, केंद्रीय मंत्रिपरिषद लोकसभा के प्रति जवाबदेह है। अगर सदन में बहुमत नहीं है, तो पीएम समेत पूरे मंत्रिपरिषद को इस्तीफा देना होता है।

Chhattisgarh