Nov 10 2025 / 11:49 AM

राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग नहीं रोक पाया विपक्ष, कई विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू को दिया वोट

नई दिल्ली। देश के अगले राष्ट्रपति के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है। सांसद दिल्ली में स्तिथ संसद भवन में और विधायक अपने राज्यों की विधानसभा में मतदान कर रहे हैं। मतदान आज यानि सोमवार को हो रहा है और परिणाम 21 जुलाई को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित हो जाएगा। एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू प्रत्याशी हैं वहीं विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं।

मतदान के बीच कई राज्यों से क्रॉस वोटिंग की खबर आ रही है। ख़बरों के अनुसार कई राज्यों में विपक्षी दलों के विधायकों ने एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट किया है। ओडिशा से कांग्रेस विधायक मोहम्मद मोकीम ने कहा कि, मैं कांग्रेस का विधायक हूं लेकिन मैंने एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। यह मेरा निजी फैसला है क्योंकि मैंने अपने दिल की सुनी है जिसने मुझे धरती के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित किया और इसलिए उन्हें वोट दिया।

इसके साथ ही असम से एआईडीयूएफ के विधायक करिमुद्दीन बारभुइया ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि असम में कांग्रेस के कई विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। करिमुद्दीन के अनुसार, कांग्रेस ने रविवार को बैठक बुलाई थी। लेकिन इसमें सिर्फ 2-3 विधायक पहुंचे थे। सिर्फ जिला अध्यक्ष ही मीटिंग में पहुंचे थे। इससे साफ होता है कि कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 20 से ज्यादा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। उन्होंने कहा कि परिणाम आने के बाद आपको नंबर पता चल जाएगा।

वहीं इससे पहले गुजरात के कुटियाना विधानसभा से राकांपा विधायक कांधल एस जडेजा ने भी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में वोट करने की बात कही है। विधानसभा में मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने एनडीए के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है।

इसके साथ ही ओडिशा से कांग्रेस विधायक मोहम्मद मुकीम ने दावा किया है कि उन्होंने एनडीए उम्मीदवार मुर्मू को वोट किया है। बताया जा रहा है कि मुकीम पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाने के चलते पिछले कुछ दिनों से पार्टी से नाराज चल रहे हैं।

Chhattisgarh