पीएम मोदी ने विशेष गुणों वाली 35 फसलों की किस्मों को किया राष्ट्र को समर्पित
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के किसानों को बड़ी सौगात दी है। पीएम ने 35 नई फसलों की वैरायटी को देश को समर्पित किया। इसके अलावा उन्होंने किसानों से भी बात की और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटिक स्ट्रेस टॉलरेंस रायपुर के नए परिसर का लोकार्पण किया।
इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, ‘कृषि और विज्ञान के तालमेल का लगातार बढ़ते रहना 21वीं सदी के भारत के लिए बहुत जरूरी है। इसी से जुड़ा एक और कदम उठाया जा रहा है, देश के छोटे-छोटे किसानों की जिंदगी में बदलाव की आशा के साथ ये बहुत बड़ी सौगात मैं मेरे देश के किसानों के चरणों में समर्पित कर रहा हूं।’
उन्होंने राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान रायपुर के नवनिर्मित परिसर तथा 35 विशेष गुणों वाली फसलों की किस्मों को राष्ट्र को समर्पित किया। पीएम ने कहा, ‘बीते 6-7 सालों में साइंस और टेक्नॉलॉजी को खेती से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर उपयोग किया जा रहा है। विशेष रूप से बदलते हुए मौसम में, नई परिस्थितियों के अनुकूल, अधिक पोषण युक्त बीजों पर हमारा फोकस बहुत अधिक है।’
उन्होंने कहा, ‘हाल के वर्षों में अलग-अलग फसलों की 1300 से अधिक बीज की विविधताएं तैयार की गई हैं, इसी श्रृंखला में आज 35 और फसल किस्मों को किसानों के चरणों में समर्पित कर रहे हैं। किसानों को पानी की सुरक्षा देने के लिए हमने सिंचाई परियोजनाएं शुरू कीं, दशकों से लटकी करीब-करीब 100 सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने का अभियान चलाया।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘MSP में बढ़ोत्तरी के साथ-साथ हमने खरीद प्रक्रिया में भी सुधार किया ताकि अधिक-से-अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके। रबी सीजन में 430 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा गेंहूं खरीदा गया है।’
