पीएम मोदी ने तिरुवनंतपुरम में डिजिटल साइंस पार्क का किया उद्घाटन
तिरुवनंतपुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल में अपने दो दिवसीय दौरे पर हैं। आज उन्होंने केरल के लोगों को कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इसी क्रम में पीएम मोदी ने तिरुवनंतपुरम में डिजिटल साइंस पार्क की आधारशिला रखी। वहीं उन्होंने कोच्चि जल मेट्रो का शुभारंभ भी किया। पोर्ट सिटी कोच्चि में तैयार की गई यह वाटर मेट्रो सर्विस कोच्चि सिटी से आस-पास के 10 टापुओं को जोड़ेगी। इस प्रोजेक्ट में 78 इलेक्ट्रिक बोट्स और 38 टर्मिनल्स हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज केरल को अपनी पहली वंदे भारत ट्रेन मिली, जबकि कोच्चि को अपनी जल मेट्रो मिली। विभिन्न कनेक्टिविटी और विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया। केरल बहुत ही जागरूक, समझदार और शिक्षित लोगों का प्रदेश है। यहां के लोगों का सामर्थ्य, विनम्रता, परिश्रम उनकी एक विशिष्ट पहचान बनाता है। आप सभी देश-विदेश की परिस्थितियों से भी भली भांति परिचित रहते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि सड़क हो, रेल हो, ये अमीर-गरीब, जाति-मत-पंथ का भेद नहीं करते। सभी इसका उपयोग करते हैं। यही सही विकास है। यही एक भारत श्रेष्ठ भारत के भाव को सशक्त करता है और यही हम आज भारत में होते हुए देख रहे हैं।
पीएम ने आगे कहा कि हमारी सरकार सहकारी संघवाद पर बल देती है, राज्यों के विकास को देश के विकास का सूत्र मानती है। केरल का विकास होगा तो भारत का विकास और तेज होगा। हम इस सेवा भावना के साथ काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि बीते 9 वर्षों में भारत में कनेक्टिविटी के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए अभूतपूर्व स्पीड और स्केल पर काम किया जा रहा है। इस साल के बजट में भी हमने 10 लाख करोड़ रुपए से अधिक इंफ्रा पर खर्च करना तय किया है।
