Nov 12 2025 / 3:27 AM

कलबुर्गी में बोले पीएम मोदी- पूरा कर्नाटक कह रहा है अबकी बार 400 पार

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान हो गया है। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक में भाजपा के लोकसभा चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए कहा कि पूरा कर्नाटक कह रहा है अबकी बार 400 पार।

पीएम मोदी ने कहा कि कर्नाटक ने लोकसभा के चुनाव में भाजपा को रिकॉर्ड सीटों पर जिताने का संकल्प ले लिया है। कलबुर्गी का ये जनसैलाब और आप सबके चेहरों का ये उत्साह, कर्नाटक ने लोकसभा के चुनाव में भाजपा को रिकॉर्ड सीटों पर जिताने का संकल्प ले लिया है। अभी तो चुनाव की घोषणा होनी बाकी है और आपने पहले ही घोषणा कर दी। आज पूरा कर्नाटक कह रहा है अबकी बार 400 पार।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है, जो चाहे कितने भी कपड़े बदल ले, उसकी करतूतें नहीं बदलती। इसलिए कर्नाटक में जनता जाग चुकी है, आक्रोश और गुस्से से लाल है। इतने कम समय में ही जनता का मोहभंग हो जाना दिखाता है कि लोगों को कांग्रेस की सच्चाई का पता चल गया है।

उन्होंने कहा कि एक बार कोयले से कालिख दूर हो सकती है, लेकिन कांग्रेस से करप्शन दूर नहीं हो सकता। इन परिवारवादियों के लिए भ्रष्टाचार ही ऑक्सीजन है। बिना भ्रष्टाचार के ये लोग सियासत में सांस भी नहीं ले सकते। उन्होंने आगे कहा कि कर्नाटक को कांग्रेस ने अपना परिवार एटीएम बना लिया है। पार्टी और परिवार के खर्चे पूरे करने के लिए कर्नाटक की जनता की कमाई यहां से सप्लाई की जा रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि ये लोग युवाओं से बड़े-बड़े वादे करके सरकार में बैठ गए, लेकिन आज ये उन्हीं युवाओं की स्कॉलरशिप रोक रहे हैं, स्कॉलरशिर में कटौती कर रहे हैं। ये कांग्रेस ही है जो नौजवानों का हक मारने का पाप कर रही है। कांग्रेस की लूट का हाल ये है कि छोटे-छोटे विकास कार्यों के लिए भी सरकार के पास पैसे ही नहीं है, क्या कोई सरकार ऐसे चल सकती है क्या?

पीएम मोदी ने कहा कि जब हम कहते हैं कि भारत लोकतंत्र की जननी है तो पूरी दुनिया उसे स्वीकार करती है। दुनिया को कोई एतराज नहीं है, लेकिन जब ये बात कांग्रेस वाले सुनते हैं तो सुनते ही उनके पेट में दर्द होना शुरू हो जाता है। ये लोग दुनिया भर में जाकर हमारे देश को, हमारे लोकतंत्र को, हमारी महान परंपराओं को बदनाम करते हैं।

Chhattisgarh