एमपी के पूर्व सीएम कमलनाथ के घर पहुंची पुलिस, भाजपा प्रत्याशी ने की थी शिकायत
भोपाल। लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ के छिंदवाड़ा के शिकारपुर स्थित घर पर पुलिस की टीम पूछताछ के लिए पहुंची है। कमलनाथ के पीए आरके मिगलानी पर भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ वीडियो जारी करने के लिए 20 लाख रुपये की डील करने का आरोप है। इसी सिलसिले में पुलिस पूर्व सीएम के घर पूछताछ करने के लिए पहुंची है।
तीन थाने की संयुक्त टीम 8 गाड़ियों से पूर्व सीएम कमलनाथ के शिकारपुर कमल कुंज आवास पर पहुंची है। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने कुछ भी कहने से मना कर दिया है। बता दें कि छिंदवाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार विवेक बंटी साहू की शिकायत पर पूर्व सीएम कमलनाथ के घर पर पुलिस पहुंची है।
भाजपा उम्मीदवार विवेक बंटी साहू का आरोप है कि पूर्व सीएम कमलनाथ के पीए आरके मिगलानी ने मेरा आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने के लिए पत्रकारों को बीस लाख रुपये का प्रलोभन दिया था। भाजपा उम्मीदवार विवेक बंटी साहू ने बीस लाख रुपये की बातचीत का एक वीडियो भी जारी किया है। इसी मामले में पुलिस अब कमलनाथ के शिकारपुर स्थित घर भी पहुंची है।
