लालकृष्ण आडवाणी को घर जाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत रत्न से किया सम्मानित
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज दिल्ली में बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किया। 93 साल की उम्र के लालकृष्ण आडवाणी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उनके आवास जाकर भारत रत्न से सम्मानित किया। भारत रत्न का मेडल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आडवाणी को पहनाया। साथ ही उनको प्रशस्ति पत्र भी दिया। इस मौके पर पीएम मोदी, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पूर्व उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू भी मौजूद थे।
लालकृष्ण आडवानी ने भारत रत्न दिए जाने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि मैं अपने परिवार और खासतौर पर अपनी दिवंगत पत्नी कमला के प्रति गहरी भावनाएं व्यक्त करता हूं, वो मेरे जीवन में एक शक्तिपुंज की तरह थीं। आडवाणी ने इसके लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।
इससे पहले शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की चार महान हस्तियों- पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव तथा चौधरी चरण सिंह, बिहार के पूर्व सीएम जननायक कर्पूरी ठाकुर और देश के प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित किया था। बता दें कि इन चारों विभूतियों को मरणोपरांत ये सम्मान दिया गया है।
