प्रियंका गांधी की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में हुईं भर्ती
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सर गंगाराम हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। उन्हें डिहाइड्रेशन और पेट में संक्रमण की शिकायत के बाद हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। हालांकि इलाज के बाद सोमवार, 19 फरवरी को उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता को खराब स्वास्थ्य के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके कारण वह 16 फरवरी को उत्तर प्रदेश के चंदौली में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल नहीं हो सकी थी। इसे लेकर प्रियंका गांधी ने अपने भाई राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं को न्याय यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं थी। उन्होंने कहा था कि वह बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती हैं, इसलिए वह पार्टी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल नहीं होंगी।
