Nov 10 2025 / 8:26 PM

असम-मिजोरम विवाद: राहुल गांधी का केंद्र पर हमला, कहा- ना राष्ट्रीय सीमा सुरक्षित, ना राज्य सीमा

नई दिल्ली। असम-मिजोरम सीमा विवाद और वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर स्थिति को लेकर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा शासन के तहत न तो राष्ट्रीय सीमा सुरक्षित है, न ही राज्य की सीमा।

राहुल ने ट्वीट कर एलएसी और असम-मिजोरम विवाद को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ना राष्ट्रीय सीमा सुरक्षित, ना राज्य सीमा। विवादों व दंगों को हमारे देश की पवित्र भूमि में बीज की तरह बोया जा रहा है- इसका परिणाम भयानक है और होगा।

दो पूर्वोत्तर राज्यों के बीच जारी सीमा विवाद 26 जुलाई को एक खूनी संघर्ष में बदल गया। हिंसा के दौरान छह असम पुलिसकर्मियों और एक नागरिक की मौत हो गई और दोनों पक्षों के 50 से अधिक लोग घायल हो गए।

असम-मिजोरम सीमा पर झड़प की जगह और उसके आसपास की स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, क्योंकि बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के जवानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-306 पर गश्त शुरू कर दी है। असम के बराक घाटी जिले कछार, करीमगंज और हैलाकांडी मिजोरम के तीन जिलों आइजोल, कोलासिब और ममित के साथ 164.6 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं।

बता दें कि पूर्वोत्तर राज्य असम और मिजोरम के बीच चल रहे सीमा विवाद में कल शुक्रवार को असम के मुख्यमंत्री सहित कई पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है, वहीं एक हिंसक झड़प में असम के पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है। केंद्र के दखल के बावजूद मामले का अबतक समाधान नहीं हो सका है और दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री सोशल मीडिया पर अक्सर भिड़ जा रहे हैं।

Chhattisgarh