Mar 14 2026 / 2:37 AM

अब कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने सर्जिकल स्ट्राइक पर उठाया सवाल, कहा- वीडियो दिखाया जाए

नई दिल्ली। सर्जिकल स्ट्राइक पर कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी जारी है। दिग्विजय सिंह के बाद अब वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी ने सरकार से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे है। राशिद अल्वी ने कहा कि सरकार के पास अगर सर्जिकल स्ट्राइक के वीडियो हैं तो इसे छिपाने की क्या जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह बीजेपी सरकार पर भरोसा नहीं करते। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि वीडियो नहीं है तो सरकार माफी मांगे।

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा, हमें अपने सुरक्षा बलों पर भरोसा है लेकिन बीजेपी सरकार पर भरोसा नहीं कर सकते। सरकार का कहना है कि उसके पास (सर्जिकल स्ट्राइक का) वीडियो है तो इसमें क्या गलत है कि दिग्विजय सिंह सरकार से इसे दिखाने के लिए कह रहे हैं? हम (स्ट्राइक का) सबूत नहीं मांग रहे हैं, लेकिन सरकार को वह वीडियो दिखाना चाहिए जिसका वह दावा करती है। अल्वी ने कहा कि सेना ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया था कि हमारे पास वीडियो है। ये बयान सरकार का है कि उनके पास वीडियो है।

बता दें कि दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के बीच जम्मू में एक रैली को संबोधित करते हुए सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर सवालिया निशाना उठाए थे। इसके अलावा उन्होंने ये भी कहा था कि सरकार ने पुलवामा हमले की रिपोर्ट संसद में पेश नहीं की।

Chhattisgarh