Nov 11 2025 / 11:09 AM

सिद्धू के बाद पंजाब कांग्रेस में इस्तीफे का दौर शुरू, रजिया सुल्ताना ने भी छोड़ा मंत्री पद

नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस में जारी सियासी तूफ़ान थमने का नाम नहीं ले रहा है। पंजाब कांग्रेस में सियासी संकट और गहराता जा रहा है। एक तरफ जहां पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। नवजोत सिद्धधू के बाद राज्य में पार्टी के कोषाध्यक्ष गुलजार इंदर चहल के इस्तीफा दे दिया है।

वहीं इसी बीच पंजाब कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। अब खबर सामने आ रही है कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के कैबिनेट में शामिल मंत्री रजिया सुल्ताना ने भी मंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। बता दें कि रजिया सुल्ताना नवजोत सिंह सिद्धू की करीबी मानी जाती है। रजिया सुल्ताना के इस्तीफे से ये बात स्पष्ट है कि पंजाब में जारी सियासी तूफ़ान जल्द थमने वाला नहीं है।

इससे पहले सिद्धू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को त्यागपत्र देते हुए अपनी चिट्ठी में लिखा, मैं पंजाब के भविष्य को लेकर कोई समझौता नहीं कर सकता हूं। इसीलिए मैं पंजाब प्रदेश अध्यक्ष के पद से तुरंत इस्तीफा देता हूं।

गौरतलब है कि पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ महीनों से कुछ भी ठीक नहीं चल रहा था। उन दिनों लगातार मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की निंदा नवजोत सिंह सिद्धू खुलेआम करते रहे। अपने इसी अंदाज में सिद्धू ने कैप्टन की निंदा करते हुए एक दिन उनके मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।

हालांकि इसके बाद दोनों नेताओं के बीच विवाद लगातार बढ़ता गया। इस तमाम गतिरोध के बीच अमरिंदर सिंह ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया और सिद्धू को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया। हालांकि नाराज अमरिंदर सिंह ने कई बार हाईकमान से बातचीत की, लेकिन राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने कैप्टन की जगह सिद्धू को ही महत्व दिया और आज उसी सिद्धू ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

Chhattisgarh