Nov 11 2025 / 6:02 AM

भाजपा में शामिल हुए जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष आरसीपी सिंह

नई दिल्ली। बिहार की सत्तारूढ़ पार्टी जेडीयू (जनता दल यूनाइटेड) को अपने ही नेता से बहुत बड़ा झटका लगा है। दरअसल, जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने आज भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया हैं। दिल्ली में आरसीपी सिंह ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली है।

बता दें कि आरसीपी सिंह ने पिछले साल जेडीयू से नाता तोड़ लिया था। जेडीयू छोड़ने के बाद से वो नीतीश कुमार पर हमलावर रहे है। साथ ही वो कई मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ भी कर चुके है। इसके बाद से ही उनके भाजपा के शामिल होने की चर्चा तेज हो गई थी। जिस पर आज उन्होंने खुद पूर्ण विराम लगा दिया है।

भाजपा में शामिल होने के बाद आरसीपी सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला भी बोला। आरसीपी सिंह ने कहा कि मेरे लिए आज बहुत गर्व का क्षण है मैं भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा, नीतीश कुमार बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। उन्हें जरा सोचना चाहिए कि देश कहां से कहां चला गया और बिहार कहां हैं। उन्हें ‘C’ शब्द से बड़ा प्यार है, सी से चेयर होता है इसलिए कुर्सी के मोह में सारा काम कर रहे हैं।

आरसीपी सिंह ने नीतीश कुमार के प्रधानमंत्री बनने पर कहा कि नीतीश कुमार एक पीएम (पलटी मार) थे, एक पीएम (पलटी मार) हैं और पीएम (पलटी मार) रहेंगे। पीएम मतलब पल्टीमार। उन्होंने कितनी बार विश्वासघात किया है।

आरसीपी सिंह ने कहा कि उन्हें बिहार के कल्याण के लिए जनादेश मिला था, लेकिन अब वह क्या कर रहे हैं? एक दिन वह ओडिशा में हैं, दूसरे दिन झारखंड में और आज वह महाराष्ट्र में हैं। वह अब विपक्षी एकता की बात कर रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि कौन आपका नेता है? बिना किसी नेता के आप विपक्षी एकता की उम्मीद कैसे कर सकते हैं?

Chhattisgarh