हिमाचल प्रदेश: कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले बवाल, प्रतिभा सिंह के समर्थन में नारेबाजी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव परिणाम 8 दिसंबर को सामने आ गए हैं। कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत के साथ जीत हासिल की है। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में अगले मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला होगा। शिमला में होने वाली इस बैठक के लिए प्रभारी राजीव शुक्ला समेत पर्यवेक्षक भूपेश बघेल और भूपेंद्र हुड्डा पहुंच चुके हैं।
भूपेश बघेल के काफिले के आगे प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। इधर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने सीएम फेस पर बयान जारी कर जता दिया है कि आलाकमान के लिए अगले मुख्यमंत्री का चयन आसान नहीं रहने वाला।
मंडी से सांसद भूतपूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने विधानसभा चुनाव तो नहीं लड़ा, लेकिन सभी सीटों पर व्यापक प्रचार किया। शुक्रवार को समर्थकों ने उन्हें सीएम बनाने के लिए पर्यवेक्षक भूपेश बघेल की कार को रोककर जमकर नारेबाजी की। इसके पहले प्रतिभा सिंह राजीव शुक्ला समेत भूपेंद्र हुड्डा और भूपेश बघेल के साथ बैठक में शामिल हुई थीं। इसमें तय हुआ कि अगले मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला विधायक दल की बैठक में किया जाएगा।
हालांकि बैठक के बाद प्रतिभा सिंह के दिए गए बयान से उनके तेवर का अंदाजा हो रहा है। उन्होंने कहा, वे (कांग्रेस आलाकमान) वीरभद्र सिंह के परिवार की अनदेखी नहीं कर सकते हैं। हमने उनके नाम, काम और चेहरे पर चुनाव जीता है। ऐसा नहीं हो सकता है कि आप उनके नाम। चेहरे और परिवार का इस्तेमाल कर श्रेय किसी और को दे दें। कांग्रेस हाईकमान ऐसा नहीं करेगा। इसके बाद ही प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने कांग्रेस प्रभारी और पर्यवेक्षकों के समक्ष ताकत का प्रदर्शन करते हुए उनके पक्ष में नारेबाजी की।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के गुरुवार को नतीजे जारी हुए। नतीजों के आधार पर प्रदेश में पांच साल बाद कांग्रेस की सत्ता में वापसी हुई है। 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस ने 40 सीटें जीती हैं। जबकि भाजपा ने 25 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं निर्दलीयों के खाते में तीन सीटें गई हैं। यहां आम आदमी पार्टी अपना खाता खोलने में विफल रही।
