पार्टी में बगावत पर शरद पवार का बड़ा बयान- कोई नई बात नहीं, हम फिर से पार्टी को खड़ा कर देंगे
नई दिल्ली। महाराष्ट्र की राजनाति में बड़ा उलटफेर हो गया है। शरद पवार की पार्टी एनसीपी टूट गई है। अजीत पवार राज्य के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। उनके साथ छगन भुजबल, दिलीप वाल्से पाटिल, हसन मुशरिफ, धनंजय मुंडे, धर्मराव अतराम, आदित्य तटकरे, संजय बाबूराव बनसोडे और अनिल पाटिल ने भी मंत्री पद की शपथ ली। बताया जा रहा है कि अजीत पवार ने 35 विधायकों के हस्ताक्षर वाला एक पत्र राज्यपाल को सौंपा है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद शरद पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. शरद पवार ने अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अजित पवार ने पार्टी की भूमिका से अलग स्टैंड लिया है। कल उन्होंने पार्टी के प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई है। कुछ लोगों ने पार्टी पर दावा किया है। कुछ ही दिन में सच्चाई सामने आ जाएगी। 1980 में चुनाव के बाद भी कई विधायकों ने मेरा साथ छोड़ दिया था और मेरे साथ सिर्फ पांच विधायक रह गए थे। उसके बावजूद मैंने फिर से पार्टी को खड़ा किया और जो लोग पार्टी छोड़कर गए वो चुनाव हार गए। इस तरह की बगावत पहले भी देखी है। जो मैंने तब किया था वो मैं दोबारा करके दिखाऊंगा।
शरद पवार ने कहा कि मेरा महाराष्ट्र की जनता पर पूरा भरोसा है। 2019 के विधानसभा चुनाव के पहले भी ऐसा कहा गया कि मेरे लोग छोड़कर जा रहे हैं लेकिन मैंने पार्टी को बनाया और 2014 के मुकाबले 2019 में एनसीपी के ज्यादा विधायक बने। शरद पवार ने कहा कि हम अजित पवार के साथ नहीं हैं। मैं महाराष्ट्र में घूमकर जनमत बनाऊंगा। एनसीपी किसकी है, इसका फैसला लोग करेंगे।
शरद पवार ने कहा कि पार्टी के खिलाफ काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उनकी किसी से भी अभी तक बात नहीं हुई है। अजित पवार से भी बात नहीं हुई है। शरद पवार ने कहा कि वह अभी भी पार्टी के अध्यक्ष हैं। बगावत करने वाले नेताओं को लेकर शरद पवार ने कहा कि प्रफुल्ल पटेल को उन्होंने पार्टी का महासचिव बनाया था लेकिन उन्होंने धोखा दिया, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शरद पवार ने कहा कि वह महाराष्ट्र में घूमेंगे और लोगों से समर्थन मांगेंगे। पवार ने कहा कि लोगों को पता है कि पार्टी मैंने बनाई है। शरद पवार ने विपक्षी एकता को लेकर शरद पवार ने कहा कि वह और आक्रामकता के साथ आगे बढ़ेंगे। पवार ने कहा कि मोदी जी जो कर रहे हैं, वो लोगों को पसंद नहीं। अजित पवार को जनता जवाब देगी।
