शेयर बाजार बढ़त के साथ हुआ बंद
नई दिल्ली। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स और निफ्टी ने लगातार दूसरे दिन आज नया रिकॉर्ड हाई बनाया है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 1.37 फीसदी या 969.55 अंक की बढ़त के साथ 71,483.75 पर बंद हुआ है। यह कारोबार के दौरान 71,605.76 अंक तक गया।
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी आज 1.29 फीसदी या 273.95 अंक की बढ़त के साथ 21,456.65 पर बंद हुआ। यह कारोबार के दौरान अधिकतम 21,492.30 अंक तक गया था। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 929 अंकों की मजबूती के साथ 70,514 के स्तर पर बंद हुआ था।
