Nov 11 2025 / 12:28 AM

त्रिपुरा चुनाव: पीएम मोदी बोले- पहले त्रिपुरा में एक ही शब्द सुनने को मिलता था ‘चंदा’

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज त्रिपुरा के चुनावी दौरे पर हैं। जहां धलाई के अंबासा में उन्होंने विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आपके एक वोट की शक्ति से त्रिपुरा वामपंथ के कुशासन से मुक्त हुआ है। बता दें कि रैली में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा भी मौजूद रहे।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और वामपंथियों ने त्रिपुरा को विकास के मामले में पीछे धकेल दिया था लेकिन हमारी सरकार सिर्फ पांच सालों में ही त्रिपुरा को तेज विकास की पटरी पर ले आई है।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार में त्रिपुरा के हर नागरिक को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। भाजपा के शासन में त्रिपुरा में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि हिंसा के उस दौर में महिलाओं और बेटियों पर अत्याचार होते थे, लेकिन आज त्रिपुरा में महिला सशक्तिकरण हो रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि त्रिपुरा में गांव गांव तक ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का काम जारी है। पिछले आठ वर्षों में तीन गुना से ज़्यादा ऑप्टिकल फाइबर त्रिपुरा में बिछाए जा चुके हैं। त्रिपुरा दक्षिण एशिया का ‘गेटवे’ बनने की ओर अग्रसर है। पीएम ने कहा कि त्रिपुरा में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई दोगुनी करने का काम तेजी से चल रहा है।

पीएम ने कहा कि गांवों को जोड़ने के लिए लगभग 5,000 किमी नई सड़कों का विकास किया गया है। उन्होंने कहा कि आज ‘आवास-आरोग्य-आय’ की त्रिशक्ति त्रिपुरा को सशक्त बना रही है। पीएम आवास योजना ने यहां के गरीब लोगों का जीवन बदल दिया है। हमने बीते पांच साल में करीब करीब तीन लाख पक्के घर बना कर गरीबों को दिए हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि अब त्रिपुरा की पहचान हिंसा और पिछड़ापन नहीं हैl त्रिपुरा में पहले एक ही पार्टी को झंडा फहराने की इजाजत थी लेकिन आज भाजपा सरकार ने त्रिपुरा को डर, भय और हिंसा से मुक्ति दी है। पीएम ने कहा कि त्रिपुरा में गांवों को जोड़ने के लिए 5000 किमी सड़कें बनाई गईं।

पीएम मोदी ने कहा कि अगरतला में एक नया हवाई अड्डा भी बनाया गया था। ऑप्टिकल फाइबर और 4जी कनेक्टिविटी गांवों तक पहुंचाई जा रही है। अब त्रिपुरा ग्लोबल होता जा रहा है। हम पूर्वोत्तर और त्रिपुरा को बंदरगाहों से जोड़ने के लिए जलमार्ग विकसित कर रहे हैं।

पीएम ने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासियों के प्रयासों को पहचानने और उन्हें सम्मान देने के अपने निरंतर कदमों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में आदिवासी लोगों के योगदान को सामने लाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि पहले त्रिपुरा में केवल वामपंथी कैडर को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता था लेकिन अब हर नागरिक को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि पुलिस थानों तक पर सी.पी.एम. कैडर का कब्जा था लेकिन भाजपा सरकार ने राज्य में कानून का राज स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प पत्र यह साबित करता है कि भाजपा वही करती है जो आप चाहते हैं और हम वही करते हैं जो आपकी प्राथमिकता होती है, जो आपकी जरूरत होती है। हमने अपने संकल्प पत्र में नए लक्ष्य के साथ नए कदम उठाने का फैसला लिया है।

त्रिपुरा की 60 सीटों पर 16 फरवरी को मतदान होना है, जबकि मेघालय और नगालैंड में 27 फरवरी को मतदान होना है। तीनों राज्यों की मतगणना एक साथ दो मार्च को होगी।

Chhattisgarh