May 23 2026 / 10:51 AM

कोलकाता पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, मदर टेरेसा हाउस का किया दौरा

कोलकाता। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो अपनी पहली भारत यात्रा पर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता पहुंच गए हैं। 4 दिनों के इस अहम दौरे को भारत-अमेरिका संबंधों के मद्देनजर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कोलकाता में रूबियो के स्वागत और सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई है। उनकी विजिट को लेकर कोलकाता की कई प्रमुख जगहों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। मार्को रूबियो अपने कोलकाता दौरे के बाद आज नई दिल्ली भी जाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

जान लें कि मार्को रूबियो की इस यात्रा की शुरुआत कोलकाता से हुई, जहां पर वह मदर टेरेसा हाउस ऑफ द मिशनरीज ऑफ चैरिटी भी गए। उन्होंने यहां मदर टेरेसा को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उनकी यात्रा को देखते हुए कोलकाता में सुरक्षा व्यवस्था सख्त है। साथ ही, विक्टोरिया मेमोरियल के आसपास भी रूबियो के दौरे के मद्देनजर भारी सुरक्षा बलों की तैनाती है। रूबियो के साथ अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी हैं।

बता दें कि अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो का यह पहला भारत दौरा है। उनकी इस यात्रा के दौरान, दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुलाकात में वह व्यापार, रक्षा सहयोग, तकनीक और QUAD जैसे अहम विषयों पर बातचीत कर सकते हैं। मार्को रूबियो आज ही प्रधानमंत्री मोदी से मिलने नई दिल्ली पहुंचेंगे।

गौरतलब है कि भारत-अमेरिका के रिश्ते पिछले कुछ साल में लगातार मजबूती की तरफ बढ़े हैं। सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रक्षा सहयोग और हिंद-प्रशांत रणनीति जैसे क्षेत्रों में भारत और अमेरिका, दोनों तेजी से साझेदारी को बढ़ा रहे हैं। ऐसे में मार्को रूबियो की यह यात्रा आने वाले वक्त में भारत-अमेरिका संबंधों को नई दिशा देने वाली हो सकती है।

Chhattisgarh