असम: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 7 उग्रवादी ढेर

दिसपुर। असम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। असम राइफल्स और राज्य की पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में 7 उग्रवादियों को मार गिराया है। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने इसकी पुष्टि की है।
नगालैंड की सीमा से सटे असम के कार्बी आंगलोंग के धनसिरी इलाके में यह एनकाउंटर हुआ है। मारे गए उग्रवादी दिमासा नेशनल लिबरेशन आर्मी (डीएनएलए) संगठन से जुड़े हुए थे। सुरक्षाबलों को मारे गए उग्रवादियों के पास से भारी तादात में गोला बारूद और हथियार मिले हैं। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि कार्बी आंगलोंग में असम पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान डीएनएलए के सात आतंकवादी मारे गए। मौके से तीन एके-47, हथियार और गोला-बारूद बरामद। जानकारी के अनुसार मुठभेड़ के दौरान उनके दो नेता घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों को इलाके में उग्रवादियों की मौजदूगी की सूचना मिली थी। जिसके बाद आज सुबह तड़के असम पुलिस और असम राइफल्स की टीमों ने एक संयुक्त अभियान शुरू किया। इलाके में तलाशी अभियान के दौरान घेराबंदी होने पर उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी थी। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। कई घंटे चली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 7 उग्रवादियों को ढेर कर दिया।