राहुल गांधी का बीजेपी पर निशाना, कहा- कर्नाटक में हिंदुस्तान की सबसे भ्रष्ट सरकार
बेंगलुरू। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु, केरल से होते हुए कर्नाटक पहुंच चुकी है। आज 29वें दिन मंड्या जिले से राहुल गांधी ने पदयात्रा की शुरूआत की। इसी बीच राहुल गांधी ने गुरुवार को महंगाई और बेरोजगारी को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। इसके साथ ही कर्नाटक सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार करार दिया।
राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में हिंदुस्तान की सबसे भ्रष्ट सरकार चल रही है। ये सरकार हर चीज में 40 प्रतिशत कमीशन लेती है। ये किसानों और मजदूरों से कमीशन लेने वाली बीजेपी सरकार है। उन्होंने कहा कि कांट्रेक्टर ने भ्रष्टाचारा को लेकर चिठ्ठी लिखी, लेकिन प्रधानमंत्री ने कोई एक्शन नहीं लिया।
राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान में नफरत और हिंसा फैलाई जा रही है। यह यात्रा उसके विरुद्ध है। ये यात्रा हिंदुस्तान, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ़ है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का लक्ष्य़, ये पूरे हिंदुस्तान में इन मुद्दों के लिए लड़ना है। कन्याकुमारी से कश्मीर तक की 3,500 किलोमीटर से ज्यादा लंबी यात्रा है। इसमें आम जनता का सहयोग मिल रहा है।
