31 जनवरी से शुरू होगा संसद का बजट सत्र, 6 अप्रैल को होगा समापन
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र की तारीखों की घोषणा कर दी है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को ट्वीट करके बजट सत्र की तारीख का ऐलान किया है। इस बार बजट सेशन 31 जनवरी से शुरू होकर 6 अप्रैल तक चलेगा। संसद के पटल पर केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त वर्ष 2023-24 का बजट 1 फरवरी को पेश करेंगी। इस साल का बजट इसके लिए खास है, क्योंकि अगले साल लोकसभा चुनाव होने वाले हैं।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने अपने ट्वीट में लिखा कि संसद का बजट सत्र 31 जुलाई 2023 से शुरू होगा और सामान्य अवकाश के साथ 6 अप्रैल तक चलेगा। बजट सत्र के 66 दिनों में 27 बैठकें होंगी। अमृत काल के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव, केंद्रीय बजट और अन्य मदों पर विस्तार से चर्चाएं होंगी। 14 फरवरी से 12 मार्च तक अवकाश रहेगा।
संसद के पटल पर निर्मला सीतारमण केंद्रीय वित्त मंत्री के तौर पर लगातार 5वीं बार 1 फरवरी 2023 को बजट पेश करने वाली हैं। 2024 में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं, इसलिए इस बार के बजट में सभी वर्गों को ध्यान में रखकर पेश किया जाएगा। साथ ही बजट 2023 में किसानों और आम जनता के लिए कोई बड़ी घोषणा हो सकती है। मोदी सरकार के अगले बजट 2023 में आर्थिक विकास को रफ्तार देने को सार्वजनिक व्यय बढ़ाने पर जोर दिया जा सकता है।
